संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। शहर के खंडक पर स्थित सेंट जोसेफ एकेडमी, खंडक पर, बिहारशरीफ में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक स्पोर्ट्स मीट का बुधवार को भव्य एवं उत्साहपूर्ण समापन हुआ। यह खेलकूद महोत्सव 22 दिसंबर से प्रारंभ होकर 24 दिसंबर तक चला, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
स्पोर्ट्स मीट के दौरान खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल जैसे टीम खेलों के साथ-साथ 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, 300 मीटर, 400 मीटर, 600 मीटर, 800 मीटर, 1000 मीटर, 1500 मीटर तथा 3 किलोमीटर दौड़, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप, ट्रिपल जंप और हाई जंप जैसी विभिन्न एथलेटिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी प्रतियोगिताएं लड़कों एवं लड़कियों के लिए अलग-अलग वर्गों में कराई गईं।
उद्घाटन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक त्योहार की तरह हैं, जो बच्चों में एकता, टीम भावना और अनुशासन का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्राचार्य ने विद्यार्थियों से खेलों में निष्पक्ष भागीदारी करने, जीत के साथ-साथ हार को भी स्वीकार करने का साहस रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि हार अंत नहीं, बल्कि सीखने का अवसर होती है।
समापन दिवस पर सभी विजेता प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों, प्रतिभागियों, टीम कैप्टनों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों को सफल एवं अनुशासित आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।
तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद महोत्सव का उत्साहपूर्ण समापन समारोह आयोजित
Written by Sanjay Kumar
Published on:







