संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत रहुईं नगर पंचायत स्थित रहुई उच्च विद्यालय में गेट युक्त चहारदीवारी तथा बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र में पहाड़ी तिराहा से कुशवाहा धर्मशाला तक प्रबलित सीमेंट कंक्रीट नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ 22 फरवरी को स्थानीय विधायक डॉ. सुनील कुमार द्वारा किया गया। इन दोनों योजनाओं पर क्रमशः लगभग 58 लाख रुपये तथा 1 करोड़ 81 लाख 64 हजार 474 रुपये की लागत आएगी। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र की दीर्घकालिक समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
शुभारंभ समारोह में विधायक डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि चुनाव के दौरान क्षेत्रवासियों ने जलनिकासी की गंभीर समस्या से उन्हें अवगत कराया था। लोगों की मांग और आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने संबंधित विभाग को योजना की अनुशंसा की, जिसके फलस्वरूप आज निर्माण कार्य प्रारंभ हो सका। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नाला निर्माण पूरा होने के बाद छोटी पहाड़ी, बड़ी पहाड़ी, मानसून नगर तथा कुशवाहा धर्मशाला आसपास के इलाकों में जलजमाव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि वे लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण कर समस्याओं का निरीक्षण करते रहते हैं। जहां भी उन्हें मूलभूत सुविधाओं की कमी दिखाई देती है, वहां तत्काल योजना बनाकर समाधान कराने का प्रयास करते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि बड़ी पहाड़ी स्थित फिटनेस पार्क जाने वाले मार्ग के निर्माण की अनुशंसा भी की जा चुकी है, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।

उन्होंने आगे बताया कि पहाड़ पर मंदिर निर्माण का कार्य भी कराया जा रहा है। इसमें सभी वर्गों के लोगों से स्वेच्छा से सहयोग लिया जाएगा, ताकि सामूहिक सहभागिता से धार्मिक स्थल का समुचित विकास हो सके। क्षेत्र को पर्यटन और आस्था का केंद्र बनाने के उद्देश्य से लगभग 20 फीट ऊंची भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापित करने की भी योजना है।
डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि नगर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत 11 विभिन्न विकास योजनाओं की अनुशंसा की गई है, जिनमें से कई योजनाओं का कार्य क्रमशः पूरा किया जा रहा है। बड़ी पहाड़ी से मुगल कुआं तक सड़क निर्माण कार्य भी कराया जा चुका है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिली है।
उन्होंने बताया कि चुनाव के समय महिलाओं ने पहाड़ी क्षेत्र में पेयजल संकट की शिकायत की थी। इस समस्या के समाधान के लिए वहां पानी पहुंचाने की व्यवस्था कराई गई है तथा नगर निगम के सहयोग से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। वर्तमान में पहाड़ी क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं और सुविधाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है।
अंत में विधायक ने कहा कि वर्ष 2005 से विधायक बनने के बाद उन्होंने हमेशा अपने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी है और आगे भी जनता का बेटा तथा सेवक बनकर कार्य करते रहेंगे।







