संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)।बिहारशरीफ शहर में लंबे समय से जारी यातायात जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को नगर आयुक्त दीपक मिश्रा ने भराव पर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात सुधार की संभावनाओं का जायजा लिया।
बताया गया कि नालंदा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा लगातार इस मुद्दे को उठाया जा रहा था और कई महत्वपूर्ण सुझाव नगर प्रशासन को दिए गए थे। इनमें वेंडिंग ज़ोन की स्थापना, तकनीकी रूप से दक्ष ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, निर्धारित स्थानों पर टोटो वाहनों का ठहराव, सड़क पर वेंडिंग ज़ोन के लिए चिन्हित स्थान, सुव्यवस्थित पार्किंग जोन और ऑटो रिक्शा के लिए कोड सिस्टम लागू करने जैसे बिंदु शामिल थे।
नगर आयुक्त दीपक मिश्रा ने निरीक्षण के दौरान बताया कि यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए प्राथमिक स्तर पर निम्नलिखित कार्य किए जाएंगे:
भराव पर क्षेत्र के चारों ओर मोटरसाइकिल पार्किंग का निर्माण।
ई-रिक्शा के लिए निर्धारित ठहराव बिंदु।
भराव से सटे पूर्वी मार्ग पर वेंडिंग ज़ोन का निर्माण।
नगर आयुक्त ने कहा कि इन कार्यों को शीघ्र ही धरातल पर उतारने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी बिहारशरीफ, जिला परिषद पदाधिकारी, यातायात थाना प्रभारी, पुल निगम के प्रतिनिधि, और नालंदा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के कई पदाधिकारी उपस्थित थे। नालंदा चैंबर के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार अकेला, उपाध्यक्ष सुरेश प्रसाद, सचिव डॉ. विपिन सिन्हा, अजय कुमार गुप्ता, अनिल तनेजा, किशोर कुणाल गुप्ता, दिनेश केसरिया, विवेक गुप्ता, विनय कुमार झंकार, अरविंद कुमार, शशि भूषण गुप्ता और शिवकुमार प्रसाद भी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इसके अलावा ट्रैफिक निवारण समिति के सह-संयोजक राजकुमार, नालंदा जिला खुदरा व्यावसायिक संघ के जिलाध्यक्ष संजीत कुमार गुप्ता की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।
इस अवसर पर नालंदा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार अकेला ने कहा कि यातायात सुधार की योजना इस तरह बनाई जाए कि किसी भी छोटे दुकानदार या फुटपाथ व्यवसायी की आजीविका प्रभावित न हो। साथ ही शहरवासियों को भी जाम की समस्या से जल्द राहत मिले, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।