अपना नालंदा संवाददाता
नगरनौसा । नगरनौसा प्रखंड के अरियावां गांव स्थित दीपक जीविका महिला ग्राम संगठन परिसर में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रखंड परियोजना प्रबंधक अजय कुमार ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। चाहे वह सरकारी नौकरियों और पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को आरक्षण देने की बात हो या विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उठाए गए कदम—सरकार महिलाओं के समग्र विकास के लिए संकल्पित है।
कार्यक्रम में पोषक योजना, कन्या उत्थान योजना, सतत जीविकोपार्जन योजना, जीविका परियोजना समेत कई सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अजय कुमार ने महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं और आकांक्षाएं भी सुनीं।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी स्थानीय समस्याओं के साथ-साथ सामुदायिक विकास से जुड़ी अपेक्षाएं भी साझा कीं।
बताया गया कि पूरे नगरनौसा प्रखंड के पंचायतों में इसी तरह के महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संवाद रथ के माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा विशेष बैठकों में उनके सुझावों को संकलित कर आगे की योजनाओं में शामिल किया जाएगा।
राज्य सरकार द्वारा संचालित इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को जागरूक बनाना, उनकी भागीदारी को सशक्त करना और उनकी आकांक्षाओं के अनुरूप योजनाओं का निर्माण सुनिश्चित करना है।
इस कार्यक्रम में प्रबंधक (पशुधन) कुमार राजीव रंजन, क्षेत्रीय समन्वयक राजीव रंजन, सामुदायिक समन्वयक निशा सिन्हा सहित अन्य जीविका से जुड़े अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।




