तीन माह से प्रतिनियुक्त लिपिक को तीन दिन में विरमित करने का निर्देश

Written by Sanjay Kumar

Published on:

क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक ने जिला शिक्षा पदाधिकारी नालंदा को दिया आदेश

कार्रवाई नहीं की गई, तो 05 फरवरी 2026 से स्वतः विरमित माना जाएगा।

अखिलेंद्र कुमार पटना(अपना नालंदा)। राजकीय त्रिभुवन उच्च विद्यालय, नौबतपुर (पटना) में पदस्थापित लिपिक अरविंद कुमार को प्रतिनियुक्ति से विरमित करने का निर्देश जारी किया गया है। क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, पटना प्रमंडल राज कुमार ने इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी, नालंदा को पत्र भेजकर तीन दिनों के भीतर प्रभार आदान–प्रदान पूर्ण कर विरमित करने को कहा है।
जारी पत्र में बताया गया है कि गायत्री देवी, सचिव तेजस्वी फैंस एसोसिएशन, कुर्जी मगध कॉलोनी सदाकत आश्रम, पटना द्वारा शिकायत पत्र प्राप्त हुआ था। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि लिपिक अरविंद कुमार को प्रभार आदान–प्रदान के नाम पर पिछले तीन माह से जिला शिक्षा पदाधिकारी, नालंदा कार्यालय में प्रतिनियुक्त कर रखा गया है।
क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि संबंधित लिपिक से जिला शिक्षा कार्यालय का प्रभार लेकर राजकीय त्रिभुवन उच्च विद्यालय, नौबतपुर विरमित किया जाए तथा इसकी सूचना उनके कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई नहीं की गई, तो अरविंद कुमार को 05 फरवरी 2026 से स्वतः विरमित माना जाएगा। आदेश से शिक्षा विभाग में हलचल देखी जा रही है और संबंधित कार्यालयों में कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Comment