बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। 2 फरवरी को नालंदा जिला जनता दल (यूनाइटेड) कार्यालय, बिहारशरीफ में शहीद जगदेव प्रसाद कुशवाहा की 105वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में उनके जीवन, संघर्ष और विचारधारा पर प्रकाश डाला गया।
जगदेव बाबू एक प्रमुख समाजवादी नेता, विचारक और शोषित-वंचित समाज के मसीहा थे। उन्हें “बिहार का लेनिन” कहा जाता है। उन्होंने “100 में 90 शोषित हैं, 90 भाग हमारा है” का नारा देकर जाति आधारित असमानता के खिलाफ सशक्त आंदोलन छेड़ा। वे शोषित समाज दल के संस्थापक थे और सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक रहे। वर्ष 1947 में वे पहली बार विधायक बने तथा 1968 में बिहार के उपमुख्यमंत्री भी रहे।
5 दिसंबर 1974 को एक जन आंदोलन के दौरान पुलिस गोलीबारी में वे शहीद हो गए। उन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक न्याय, समानता और पिछड़े-दलित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। वे केवल राजनेता ही नहीं, बल्कि निर्भीक चिंतक और क्रांतिकारी विचारधारा के वाहक थे। सत्ता से अधिक संघर्ष को महत्व देना उनके व्यक्तित्व की पहचान थी।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ने कहा कि शोषितों-वंचितों की आवाज और समतामूलक समाज के अग्रदूत बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा के विचार आज भी बहुजन समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष मो. अरशद, अरविंद कुमार, रंजीत कुमार, भवानी सिंह, आशीष कुमार, संजय पासवान, संजय कुशवाहा, कुमार मंगलम, निशांत कुमार, रिक्की कुमार, देवनंदन प्रसाद, जनार्दन पंडित, भारत मानस, योगेंद्र प्रसाद, अजय चंद्रवंशी, अम्ब्रीस कुमार, प्रो. प्रविंद्र कुमार, सोनी कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की।
जदयू कार्यालय में शहीद जगदेव बाबू की 105वीं जयंती मनाई गई
Written by Sanjay Kumar
Published on:







