थरथरी (अपना नालंदा)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान महेंद्रू, पटना में कक्षा 3 से 5 तक के शिक्षकों के लिए आयोजित पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शनिवार की देर शाम संपन्न हो गया। प्रशिक्षण में नालंदा जिले के थरथरी और बिहारशरीफ प्रखंडों के 200 से अधिक शिक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रारंभिक कक्षाओं में भाषा और गणित की दक्षताओं को सुदृढ़ बनाना तथा शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण विधियों से अवगत कराना था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य स्तरीय एफएलएन पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसकी शुरुआत प्री-टेस्ट के साथ की गई, ताकि शिक्षकों के प्रारंभिक ज्ञान का आकलन किया जा सके। शिक्षक शशिभूषण प्रसाद सिंह और विजय प्रकाश चन्द्र ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को पाठ्यचर्या के लक्ष्यों, दक्षताओं और अधिगम प्रतिफलों की अवधारणा से परिचित कराया गया। साथ ही चेतना सत्र के प्रभावी संचालन और भाषा शिक्षण के चार-खंडीय दृष्टिकोण पर समूह गतिविधियों के माध्यम से अभ्यास कराया गया।

इस दौरान शिक्षकों को दीक्षा प्लेटफॉर्म, ई-कंटेंट, एफएलएन किट तथा एमएस वर्ड के उपयोग की भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण की शुरुआत प्रतिदिन योग, माइंडफुलनेस और ध्यान सत्र से की गई, जिससे शिक्षकों के मानसिक और शारीरिक संतुलन को सुदृढ़ किया जा सके। अंतिम दिन पोस्ट-टेस्ट और वैलिडिक्टरी सत्र के माध्यम से प्रशिक्षण की प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया गया।
प्रशिक्षण में शिक्षिका निशा कुमारी, साधना सिन्हा, पुष्पलता, प्रीति कुमारी तथा शिक्षक रौशन कुमार राय, शशिकांत कुमार, महेश कुमार, सुमन कुमार, विनय कुमार, मनोज कुमार, रविकांत कुमार, गिरिजेश कुमार, दिनेश प्रसाद, ब्रजेश कुमार, विमलेश ठाकुर, धर्मेन्द्र चौधरी, कृष्ण कुमार, संजय कुमार, विनोद चौधरी, अनुपम कुमार, दयानंद कुमार, कुन्दन कुमार, निगार सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।







