शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान पर शिक्षिका मोनी कुमारी सम्मानित, क्षेत्र में खुशी की लहर

Written by Sanjay Kumar

Published on:

आर संतोष भारती
कतरीसराय (अपना नालंदा)। प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, गोवर्धन बिगहा की शिक्षिका मोनी कुमारी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान शिक्षा विभाग की ओर से डॉ. बी. राजेंदर द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर दिया गया। प्रशस्ति पत्र संकुल संसाधन केंद्र, बादी कतरीसराय के माध्यम से उन्हें सौंपा गया।
यह सम्मान प्रखंड स्तर पर उन शिक्षकों को दिया जाता है जो विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा शैक्षणिक नवाचार में उल्लेखनीय योगदान देते हैं। मोनी कुमारी को यह सम्मान शिक्षा पोर्टल पर सितंबर 2025 में जमा किए गए प्रतिवेदन के मूल्यांकन के आधार पर प्रदान किया गया।
मोनी कुमारी विद्यालय में कक्षा 9 और 10 की हिंदी विषय की शिक्षिका हैं और अपने अनुशासन, कर्मठता तथा समर्पण के लिए जानी जाती हैं। विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों के अनुसार वे पढ़ाई को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर नए शिक्षण तरीकों का उपयोग करती हैं।
उल्लेखनीय कार्य
उनके उत्कृष्ट कार्यों में शामिल हैं—
विद्यालय में समय पर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना
कक्षा शिक्षण में शिक्षण-अधिगम सामग्री का प्रभावी उपयोग
नियमित पाठ योजना बनाकर उसका क्रियान्वयन
विद्यार्थियों का मासिक मूल्यांकन कर प्रगति पर नजर रखना
प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को कक्षा में लागू करना
विद्यार्थियों को प्रतिदिन गृहकार्य देना और उसकी जांच करना
अभिभावकों के साथ नियमित बैठक आयोजित करना
विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और आकर्षक वातावरण बनाए रखना
कक्षा में तकनीक एवं नवाचार आधारित शिक्षण
स्मार्ट बोर्ड और एफएलएन किट का प्रभावी उपयोग
सम्मान समारोह के अवसर पर शिक्षक प्रिंस वर्मा, एस. जमाल अब्दाली, विनय कुमार, शशि कुमार सिन्हा, योगेश कुमार, प्रियंका कुमारी, अंजू प्रसाद, विनीता कुमारी और विभा कुमारी सहित अन्य शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी और उनके कार्यों की सराहना की।
विद्यालय परिवार तथा प्रखंड के शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल मोनी कुमारी की उपलब्धि है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने आशा जताई कि उनकी उपलब्धि अन्य शिक्षकों को भी नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Comment