अपना नालंदा संवाददाता
हरनौत ।स्थानीय नगर पंचायत (नपं) क्षेत्र के वार्ड संख्या- 10 स्थित श्रीचंदपुर मुहल्ले में नल-जल योजना पूरी तरह फेल होती दिख रही है। भीषण गर्मी में लोग पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। योजना का लाभ नहीं मिलने से मुहल्लेवासियों में गहरा आक्रोश है।
गुरुवार को मुहल्ले के दर्जनों लोगों, जिनमें श्रवण पासवान, डोली देवी, सुशीला देवी सहित अन्य शामिल थे, ने बताया कि नगर पंचायत का दर्जा मिले दो वर्ष से अधिक बीत चुके हैं, फिर भी करीब 30 घरों को अब तक नल-जल योजना से जोड़ा नहीं गया है। कुछ घरों तक पानी की आपूर्ति होती है, जबकि शेष लोग चापाकल या दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं।
वार्ड पार्षद राकेश रंजन, सुधीर पासवान व अमर मलिक ने भी आरोप लगाया कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा श्रीचंदपुर मुहल्ले के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। वे कई बार इस समस्या की जानकारी कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) को दे चुके हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो नपं कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
वहीं, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि धीरज कुमार उर्फ पल्लू सिंह ने जानकारी दी कि पाइप बिछाने का कार्य प्रगति पर है और जल्द ही नल-जल योजना को मुहल्ले में सुचारू रूप से बहाल किया जाएगा।
कार्यपालक पदाधिकारी सुमन सौरभ ने बताया कि वार्ड संख्या- 11 में नया बोरिंग किया गया है, और अगले दस दिनों के भीतर वहां से पानी की आपूर्ति चालू कर दी जाएगी।







