आर संतोष भारती
कतरीसराय (अपना नालंदा)। बिहार पंचायत-नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रदेश सचिव सह नालंदा जिलाध्यक्ष सूर्यकांत सिंह कांत ने प्राथमिक विद्यालय मानपुर, अस्थावां में प्रधानाध्यापक के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विद्यालय की पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापिका कुमारी रंजना ने उन्हें पुष्प गुच्छा भेंट कर स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद विद्यालय परिवार को संबोधित करते हुए श्री कांत ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य विद्यालय में टीम वर्क की भावना से कार्य करते हुए शैक्षणिक माहौल को और अधिक उत्कृष्ट बनाना है। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षकों का सहयोग लेकर बच्चों को निर्भीक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना उनकी प्राथमिकता होगी।
श्री कांत ने पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापिका कुमारी रंजना के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे अपने अनुभवों से विद्यालय को आगे भी मार्गदर्शन देती रहेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी नियुक्ति प्रधानाध्यापक के पद पर हुई है, प्रभारी के रूप में नहीं, इसलिए उनके पद की गरिमा बनी रहेगी।
विद्यालय की रसोई व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने रसोईया को संदेश देते हुए कहा कि मध्यान्ह भोजन का निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ नियमानुसार किया जाए, जिससे बच्चों को पौष्टिक और स्वच्छ भोजन मिल सके।