दैली गांव में सूर्य मंदिर प्राणप्रतिष्ठा, पांच दिवसीय अनुष्ठान में उमड़ा जनसैलाब

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। प्रखंड क्षेत्र के दैली गांव स्थित नवनिर्मित सूर्य मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और भव्य धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भगवान सूर्य की प्रतिमा का विधिवत प्राणप्रतिष्ठा संपन्न हुआ। सात अश्वों के रथ पर सवार सूर्य देव की भव्य प्रतिमा स्थापित होते ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखा गया। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की।


इस अवसर पर सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक हरिनारायण सिंह, जदयू जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार तथा प्रखंड अध्यक्ष रविकांत कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मंदिर में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन समिति के अनुसार धार्मिक कार्यक्रम 18 से 22 फरवरी तक चले, जिसमें 18 फरवरी को कलश शोभायात्रा, 19 को पंचांग पूजा एवं वेदी पूजन, 20 को जलाभिषेक, 21 को नगर भ्रमण तथा 22 फरवरी को प्राणप्रतिष्ठा का मुख्य अनुष्ठान सम्पन्न हुआ। नगर भ्रमण के दौरान देव प्रतिमाओं को पालकी में रखकर दैली, महेशपुर और मुसहर टोली में घुमाया गया।


मंदिर के पुजारी देवन दास ने बताया कि लगभग 30 वर्ष पहले यह स्थान सुनसान अलंग क्षेत्र था, जहां राहगीरों और पशुपालकों को पानी तक उपलब्ध नहीं होता था। वर्ष 1996 में उन्होंने कपिल राम के साथ मिलकर कुदाल से करीब दस दिनों की मेहनत से एक कुआं खोदा, जिससे लोगों की पानी की समस्या दूर हुई। उसी समय यहां सूर्य मंदिर बनाने का संकल्प लिया गया। बाद में ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर का निर्माण कराया गया और दूसरे राज्य से लगभग 60 हजार रुपये की लागत से प्रतिमा मंगवाई गई।
ग्रामीणों के अनुसार इस स्थान पर वर्षों से लोक आस्था का महापर्व छठ मनाया जाता रहा है। करीब छह वर्ष पहले विधायक हरिनारायण सिंह के प्रयास से सरकारी राशि से छठ घाट का निर्माण कराया गया था। वर्ष 2025 में नेहुसा पंचायत की मुखिया मंजूषा कुमारी ने भी सरकारी फंड से घाट का विस्तार कराया। वहीं वर्ष 2026 में जिला परिषद सदस्य द्वारा चापाकल की व्यवस्था कराई गई तथा बिजली आपूर्ति शाखा हरनौत की ओर से मंदिर तक बिजली सुविधा उपलब्ध कराई गई।


ग्रामीण रविकांत कुमार शर्मा ने बताया कि आने वाले समय में यहां यात्री शेड, आरसीसी पुल, सीसीटीवी कैमरे और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित करने की योजना है। विधायक ने यात्री शेड और सांसद ने पुल निर्माण में सहयोग का आश्वासन दिया है। कार्यक्रम में सोहन, राजन, हरेराम, धनश्याम सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजकों ने इसे गांव की आस्था और सामूहिक एकता का प्रतीक बताया।

Leave a Comment