अपना नालंदा संवाददाता
राजगीर। हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार के तत्वावधान में सब-जूनियर बालक एवं बालिका हॉकी स्टेट चैंपियनशिप का आयोजन राजगीर में 6 से 8 जून 2025 तक किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में राज्य भर से लगभग 20 जिलों की टीमें भाग लेंगी। इसकी जानकारी हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव राणा प्रताप सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री एवं बिहार हॉकी संघ के अध्यक्ष श्रवण कुमार तथा नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
राणा प्रताप सिंह ने बताया कि बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी और ओलंपियन श्री गैविन फरेरा मुख्य चयनकर्ता के रूप में भाग लेंगे। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन राजगीर खेल अकादमी एवं सब-जूनियर नेशनल कैंप के लिए किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि यह पहला अवसर है जब बिहार में इस तरह से ओलंपियन स्तर के कोच के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्र शंकरण की दूरदर्शी सोच के कारण राज्य में हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने का कार्य किया जा रहा है।
पिछले महीने बिहार के 11 जिलों में जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसके माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को अब इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दूसरे चरण में भाग लेने का मौका मिलेगा।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, उचित डाइट और स्ट्रो टर्फ जैसी आधुनिक सुविधाएं दी जा रही हैं, जिससे खिलाड़ियों में उत्साह और जुनून देखने को मिल रहा है।
नालंदा हॉकी संघ के सचिव राहुल रंजन ने भी बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से बिहार की हॉकी में एक नई ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने राज्य सरकार एवं खेल प्राधिकरण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रयास से बिहार जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी में अपनी पहचान बनाएगा।