विजय प्रकाश उर्फ पिंनु
नूरसराय(अपना नालंदा)।संकुल स्तरीय मशाल प्रतियोगिता में उत्क्रमित मध्य विद्यालय झामा डीह, सरदार बिगहा और अंधना के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सरदार बिगहा के खेल मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में दौड़, साइकिल दौड़, फुटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
दौड़ प्रतियोगिता में उत्क्रमित मध्य विद्यालय झामा डीह के छात्रों का दबदबा रहा। बालक वर्ग की 60 मीटर दौड़ में प्रिंस कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 100 मीटर दौड़ में अभय कुमार ने बाजी मारी। वहीं, बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में उत्क्रमित मध्य विद्यालय सरदार बिगहा की निकिता कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
साइकिल दौड़ में भी छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में श्याम बिहारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में उत्क्रमित मध्य विद्यालय झामा डीह की काजल ने बाजी मारी।
कबड्डी प्रतियोगिता में उत्क्रमित मध्य विद्यालय अंधना की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता पर कब्जा जमाया। फुटबॉल मुकाबले में उत्क्रमित मध्य विद्यालय सरदार बिगहा की टीम विजयी रही।
समापन समारोह में उत्क्रमित मध्य विद्यालय सरदार बिगहा के प्रधानाध्यापक मो. मुअज्जम अहसन और उत्क्रमित मध्य विद्यालय झामा डीह के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आज खेलों के माध्यम से भी पैसा, शोहरत और सरकारी नौकरी के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने छात्रों से मेहनत करते रहने और उच्च स्तर पर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।






