चितरंजन कुमार
चंडी (अपना नालंदा)। नगर पंचायत चंडी के सभागार कक्ष में शनिवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद मनोज कुमार ने की। बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र के विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 84 करोड़ 22 लाख रुपये के बजट प्रस्ताव को समिति की मंजूरी दे दी गई।
बैठक में बताया गया कि अब इस बजट को नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। बोर्ड की स्वीकृति मिलने के बाद विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. अनूपा कुमारी ने बताया कि नगर पंचायत की आय के विभिन्न स्रोतों को ध्यान में रखते हुए बजट का प्रारूप तैयार किया गया है। प्रस्तावित बजट में होल्डिंग टैक्स से 63 लाख रुपये तथा स्टांप ड्यूटी से 92 लाख 40 हजार रुपये की आय का अनुमान रखा गया है।
उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत बस स्टैंड, अशोक भवन और मार्केट कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए कुल 6 करोड़ 82 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन इकाई की स्थापना, नाली-गली निर्माण तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर भी सहमति बनी है।
डॉ. अनूपा कुमारी ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में बेहतर नागरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। बोर्ड से अंतिम स्वीकृति मिलते ही सभी योजनाओं पर तेजी से काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सहयोग से नगर पंचायत का समुचित विकास सुनिश्चित होगा।







