कांवरियों की सेवा में समर्पित हैं समाजसेवी अरविंद कुमार सिन्हा, कटोरिया में निःशुल्क सेवा शिविर लगा कर कर रहे सेवा

Written by Subhash Rajak

Published on:

विजय प्रकाश उर्फ पिन्नु
नूरसराय (अपना नालंदा)। श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर जाने वाले कांवरियों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में कांवरियों की सेवा के लिए नालंदा जिले के नूरसराय थाना अंतर्गत चोरबीघा गांव निवासी समाजसेवी अरविंद कुमार सिन्हा और उनकी टीम द्वारा बांका जिले के कटोरिया में निःशुल्क सेवा शिविर लगाया गया है, जहाँ प्रतिदिन हजारों की संख्या में कांवरिया रुक कर राहत महसूस कर रहे हैं।

सेवा ही शिव भक्ति है:
परविंदर इंटरप्राइजेज के निदेशक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद कुमार सिन्हा खुद इस शिविर का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके साथ उनके पुत्र प्रवीण कुमार और टीम के अन्य सदस्य – प्रदीप कुमार, अमन सिंह, तपेश कुमार मांझी, फंटूश सिंह और नीतीश महतो – पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कांवरियों की सेवा में लगे हुए हैं।

सेवा शिविर में पैदल यात्रा कर रहे शिवभक्तों को शरबत, ठंडा और गर्म पानी, मौसमी फल, चाय व अन्य खाद्य सामग्री निःशुल्क वितरित की जा रही है। इसके अतिरिक्त, जिन कांवरियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो रही हैं, उनके लिए प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था भी की गई है।

नशा से दूर रहने की अपील:
शिविर में आने वाले युवा कांवरियों को अरविंद कुमार सिन्हा नशा से दूर रहने की प्रेरणा भी दे रहे हैं। उनका कहना है, “नशा जीवन को नष्ट कर देता है, शिवभक्ति में शुद्ध मन और स्वस्थ शरीर जरूरी है।” उन्होंने कहा कि, “श्रावण मास में कांवरियों की सेवा करना ही सच्ची शिव भक्ति है। महादेव की कृपा से जो कुछ भी हमें मिला है, उसमें से एक हिस्सा इन थके हुए कांवरियों की सेवा में लगाना हमारा कर्तव्य है। सेवा हमारी परंपरा नहीं, हमारी जिम्मेदारी है।”

शिविर बना आस्था और सेवा का केंद्र:
यह सेवा शिविर न केवल कांवरियों के लिए राहत का स्थान बन गया है, बल्कि यह सामाजिक सद्भाव और समर्पण का प्रतीक भी बन चुका है। शिविर में पहुंचने वाले कांवरियों ने भी अरविंद कुमार सिन्हा और उनकी टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

Leave a Comment