श्रवण कुमार करेंगे नालंदा हॉकी लीग का उद्घाटन, राजगीर में जुटेंगे युवा खिलाड़ी

Written by Subhash Rajak

Published on:

नालंदा हॉकी लीग का आगाज शुक्रवार को राजगीर हॉकी स्टेडियम से

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ । नालंदा जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से नालंदा हॉकी लीग का आयोजन शुक्रवार से राजगीर हॉकी स्टेडियम में होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।

इस टूर्नामेंट में बालक एवं बालिका वर्ग के 16 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग लेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों से उभरते हुए हॉकी खिलाड़ियों की प्रतिभा को तराशना और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करना है।

नालंदा हॉकी संघ के सचिव राहुल रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्घाटन नालंदा हॉकी संघ एवं बिहार हॉकी संघ के अध्यक्ष तथा बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार तथा बिहार हॉकी संघ के महासचिव राणा प्रताप सिंह के करकमलों से किया जाएगा।

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि गांव-देहात से प्रतिभावान खिलाड़ियों को सामने लाया जाए और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि हॉकी भारत का राष्ट्रीय खेल है, इसलिए युवाओं को इस खेल के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि खेल को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” जैसी योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी उपलब्ध करा रही है। इससे खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ रहा है और वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

इस अवसर पर नालंदा हॉकी संघ और बिहार हॉकी संघ ने सभी खेल प्रेमियों और आम जनता से इस आयोजन में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

Leave a Comment