सुधीर प्रसाद
बेन (अपना नालंदा)। महाशिवरात्रि के अवसर पर सुदूर ग्रामीण क्षेत्र स्थित आत्मा गांव में भव्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण पहुंचे। धार्मिक आस्था और ग्रामीण परंपरा का प्रतीक यह मेला लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। मेले में किसानों से जुड़े विभिन्न कृषि उपकरणों के साथ-साथ घरेलू उपयोग की वस्तुएं जैसे पलंग, चौकी, बर्तन और अन्य सामान सस्ते दामों पर उपलब्ध कराए गए, जिससे गरीब एवं निम्न आय वर्ग के लोगों ने जमकर खरीदारी की।
ग्रामीणों के अनुसार यह मेला वर्षों पुराना और क्षेत्र का प्रसिद्ध आयोजन है, जहां हर वर्ष हजारों लोग पहुंचते हैं। हालांकि इस बार भीड़ अधिक होने के बावजूद प्रशासनिक व्यवस्था संतोषजनक नहीं दिखी। सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं थी और न ही शौचालय, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था नजर आई। इससे खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है, इसलिए प्रशासन को भी इसके अनुरूप तैयारी करनी चाहिए। ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालु बिना कठिनाई के मेले का आनंद ले सकें और आयोजन की गरिमा बनी रहे।
शिवरात्रि मेले में उमड़ी भारी भीड़, सुविधाओं के अभाव पर उठे सवाल
Written by Sanjay Kumar
Published on:







