प्रेम कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंह कॉलोनी में बुधवार को प्रेम प्रसंग को लेकर दोहरे हत्याकांड की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक युवक ने अपनी प्रेमिका और उसकी मां को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया, और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर सिलाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। घायल युवक को गंभीर स्थिति में पावापुरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान सिंह कॉलोनी निवासी जोगेंद्र राम की पत्नी पुट्टूस देवी और उनकी पुत्री पूनम कुमारी के रूप में हुई है।
वहीं आरोपी युवक की पहचान चंडी मऊ गांव निवासी मनीष कुमार के रूप में की गई है, जो मृतका पूनम का प्रेमी बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी मनीष किसी बात को लेकर नाराज था। बुधवार को वह हथियार लेकर सिंह कॉलोनी पहुंचा और पहले पूनम और उसकी मां पर गोली चला दी, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। इसके बाद मनीष ने खुद को भी गोली मार ली, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में बच गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है। वहीं घटना के बाद से इलाके में आतंक और चर्चा का माहौल है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हत्या की असली वजह क्या थी, लेकिन प्रेम प्रसंग से जुड़ी पारिवारिक अनबन को कारण माना जा रहा है।




