राजगीर में हीरो एशिया कप 2025 के सफल आयोजन हेतु सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। आज शनिवार को जितेन्द्र राणा, पुलिस महानिरीक्षक, बिहार, पटना, कुंदन कुमार, जिलाधिकारी, नालंदा, एवं भारत सोनी, पुलिस अधीक्षक, नालंदा ने राजगीर स्थित स्पोर्ट्स क्लब में हीरो एशिया कप 2025 के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

बता दें कि बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के तत्वाधान में राजकीय खेल अकादमी-सह खेल परिसर, राजगीर में हीरो एशिया कप 2025 का आयोजन 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में कुल 8 देश – भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, कजाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें भाग लेंगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नियंत्रण कक्ष, साफ-सफाई, आवास, खानपान, परिवहन, यातायात व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, लाइटिंग और दर्शकों की बैठने की व्यवस्था सहित अन्य सभी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

यह प्रतिष्ठित पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का 12वां संस्करण है और बिहार में पहली बार आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन से राज्य की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल आयोजन की क्षमता प्रदर्शित होगी, साथ ही पर्यटन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में बिहार की वैश्विक छवि भी सुदृढ़ होगी।

इस अवसर पर नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता आपदा, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता सहित बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment