09 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगी विद्यालय रसोइयाएं: सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।बिहार राज्य विद्यालय रसोइया संघ ने राज्य सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। संघ की ओर से 20 मई 2025 को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल के बाद अब 09 जुलाई 2025 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया है। यह हड़ताल केंद्रीय ट्रेड यूनियनों द्वारा घोषित आम हड़ताल के समर्थन में भी होगी।

राज्य महासचिव सरोज चौबे ने कहा कि मात्र 1650 रुपये वेतन, वह भी साल में केवल 10 महीने के लिए, देने वाली सरकार की नीतियां अन्यायपूर्ण और अमानवीय हैं। उन्होंने कहा, “सरकार की उपेक्षा के खिलाफ अब निर्णायक संघर्ष होगा। इस बार विधानसभा चुनाव में भी हम सरकार को सबक सिखाएंगे और अपने मतों का प्रयोग सत्ताधारी गठबंधन के विरुद्ध करेंगे।”

संघ के जिला संरक्षक पाल बिहारी लाल ने बताया कि राज्य स्तरीय आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को नालंदा जिले में पूरी मजबूती से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 20 मई को सांकेतिक हड़ताल के तहत एक मांग पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से सरकार को भेजा गया। अब 09 जुलाई से जब तक मांगे पूरी नहीं होतीं, तब तक रसोइयाएं काम पर नहीं लौटेंगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि इस हड़ताल से यदि स्कूली बच्चों को मध्याह्न भोजन योजना में कोई असुविधा होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

मुख्य मांगें: न्यूनतम मजदूरी के अनुरूप वेतन,12 महीने नियमित रोजगार,सामाजिक सुरक्षा लाभ,स्थायी नियुक्ति की व्यवस्था।

Leave a Comment