अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। खेल मंत्रालय द्वारा पर्यटक नगरी राजगीर स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया गया है। शेड्यूल जारी होते ही खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ी इन दिनों गहन अभ्यास में जुटे हुए हैं।
राजगीर में कुल पाँच खेलों का आयोजन सुनिश्चित किया गया है, जिनमें चार इंडोर और एक आउटडोर खेल शामिल हैं। अधिकृत सूत्रों के अनुसार, जिन खेलों का आयोजन किया जाएगा, वे हैं—तलवारबाजी, भारोत्तोलन, कबड्डी, टेबल टेनिस (सभी इंडोर) और हॉकी (आउटडोर)।
यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता देश भर से चयनित युवा खिलाड़ियों के लिए एक सुनहरा अवसर है। कई प्रतिभागी पहली बार इतने बड़े मंच पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं, जिससे उनमें गर्व, आत्मविश्वास और उत्साह देखा जा रहा है।
शेड्यूल निम्नानुसार है:
- कबड्डी (इंडोर हॉल): 4 से 8 मई
- टेबल टेनिस (इंडोर हॉल): 6 से 10 मई
- भारोत्तोलन (इंडोर हॉल): 10 से 14 मई
- तलवारबाजी (इंडोर हॉल): 11 से 15 मई
- हॉकी (राजगीर हॉकी स्टेडियम): 7 से 13 मई
खिलाड़ियों की तैयारियों को लेकर खेल अकादमियों व प्रशिक्षण केंद्रों में विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं ताकि खिलाड़ी शारीरिक और मानसिक रूप से पूर्ण रूप से तैयार रह सकें।




