अपना नालंदा संवाददाता
थरथरी। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रधान महासचिव अमरजीत कुमार उर्फ पुटुश ने अस्थावां विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि अस्थावां विधानसभा क्षेत्र धानुक समाज का महत्वपूर्ण गढ़ है और वे स्वयं धानुक समाज के बेटे होने के नाते यहां से चुनाव लड़ेंगे।
अमरजीत कुमार ने बताया कि वर्ष 2014 से 2022 तक उन्हें पार्टी में युवा प्रखंड अध्यक्ष के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। इसके बाद 2022 में पार्टी ने उन्हें थरथरी प्रखंड का प्रधान महासचिव नियुक्त किया। वर्तमान में वे पार्टी में प्रधान महासचिव के रूप में सक्रिय हैं और लगातार संगठन को मजबूती प्रदान करने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नालंदा जिले में राजद को मजबूत बनाने के लिए उन्होंने निरंतर प्रयास किए हैं। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से आग्रह किया कि धानुक समाज के बेटे अमरजीत कुमार को अस्थावां विधानसभा का उम्मीदवार घोषित किया जाए, ताकि वे चुनाव जीतकर नेता जी के हाथों को और मजबूत कर सकें।







