हरिओम कुमार
हरनौत(अपना नालंदा)। स्थानीय अंचल क्षेत्र में शनिवार से राजस्व महाअभियान की शुरुआत हुई, जो आगामी 20 सितंबर तक चलाया जाएगा। इस महाअभियान के तहत चार प्रकार के मामलों का निष्पादन किया जाएगा—परिमार्जन,छूटी हुई जमाबंदियों को ऑनलाइन कराना, उत्तराधिकार नामांतरण, बंटवारा नामांतरण।
अभियान को सफल बनाने के लिए अंचल कार्यालय की ओर से माइक्रोप्लान तैयार किया गया है। इसमें हल्का स्तर पर राजस्व कर्मचारी, विशेष सर्वेक्षण अमीन, कार्यपालक सहायक, विकास मित्र, किसान सलाहकार और रोजगार सेवक को जिम्मेदारी दी गई है। कर्मचारी घर-घर जाकर जमाबंदी की प्रति किसानों को उपलब्ध करा रहे हैं।
85 मौजों में चलेगा अभियान
हरनौत अंचल में कुल 18 हल्का और 85 मौजा हैं। इनमें हजारों की संख्या में जमाबंदियां दर्ज हैं। हल्कों में मौजों की संख्या इस प्रकार है –
नेहुसा, चेरो, चौरिया, लोहरा और सरथा हल्का – 4-4 मौजा
चेरन, पोआरी और सबनहुआ – 3-3 मौजा
पाकड़ और बसनियावां – 9-9 मौजा
पचौरा और सोराडीह – 8-8 मौजा
बस्ती और कोलावा – 7-7 मौजा
गोनावां – 5 मौजा
डिहरी, बराह और तेलमर – 1-1 मौजा
निरीक्षण और दिशा-निर्देश
महाअभियान के पहले दिन शनिवार को सीओ सोनू कुमार ने चेरो हल्का के गोसाई बिगहा गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और किसानों की समस्याओं को सुना।
सीओ ने कहा कि अभियान के दौरान किसानों से संबंधित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
मौके पर अंचल निरीक्षक सह राजस्व कर्मचारी रामानंद प्रसाद, पीआरएस ममता समेत अन्य कर्मी उपस्थित थे।