अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। मंगलवार को राजगीर जू सफारी द्वारा आदर्श मध्य विद्यालय में विश्व मधुमक्खी दिवस (World Bee Day) के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मधुमक्खियों के महत्व और उनके संरक्षण पर जोर दिया गया। इस वर्ष की थीम “Bee inspired by nature to nourish us all” रही, जो मधुमक्खियों और अन्य परागणकों की कृषि-खाद्य प्रणाली और पारिस्थितिकी तंत्र में अहम भूमिका को दर्शाती है।
इस अवसर पर विद्यालय में पोस्टर प्रदर्शनी और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।
राजगीर जू सफारी के निदेशक राम सुन्दर एम ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल मधुमक्खियों के महत्व को रेखांकित करना ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को उनके संरक्षण की दिशा में जागरूक और प्रेरित करना भी है।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में पर्यावरण और जैव विविधता के संरक्षण को लेकर सकारात्मक सोच विकसित हो रही है।
कार्यक्रम में सहायक वन संरक्षक-सह-वन क्षेत्र पदाधिकारी अरविंद कुमार, वन क्षेत्र पदाधिकारी सुश्री खुशबू, शिवम सिन्हा, वनपाल निरंजन कुमार और वनरक्षी राजकुमार मंडल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।