अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। आठ दिनों के मेंटेनेंस कार्य के बाद राजगीर का ऐतिहासिक रोपवे 17 अप्रैल से एक बार फिर पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इस खबर से पर्यटकों सहित होटल व्यवसायियों, स्थानीय दुकानदारों और गाइड्स के बीच उत्साह का माहौल है।
रोपवे प्रबंधक दीपक कुमार ने जानकारी दी कि 9 अप्रैल से रोपवे का संचालन मरम्मत और तकनीकी जांच के कारण अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। अब सभी आवश्यक तकनीकी परीक्षण और सुरक्षा मानकों की पूर्ति के बाद इसका संचालन पुनः शुरू किया जा रहा है।
राजगीर रोपवे न केवल भारत का सबसे पुराना रोपवे है, बल्कि अपने अनूठे निर्माण और हरे-भरे पहाड़ी दृश्यों के लिए भी प्रसिद्ध है। यह सैलानियों को रोमांचक हवाई यात्रा के माध्यम से विश्व शांति स्तूप जैसे दर्शनीय स्थलों तक ले जाता है।
रोपवे के पुनः संचालन से गर्मी की छुट्टियों में राजगीर आने वाले पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी। प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टिकट काउंटर, लाइन प्रबंधन, सुरक्षा जांच आदि सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
प्रबंधक दीपक कुमार ने कहा कि बढ़ती पर्यटक भीड़ और गर्मी की छुट्टियों के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है ताकि सैलानी एक बार फिर राजगीर की प्राकृतिक सुंदरता और बौद्ध धरोहरों का आनंद ले सकें।




