संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। राजगीर से पटना आने-जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब राजगीर–पटना–राजगीर एक्सप्रेस ट्रेन नियमित रूप से चलेगी। इस ट्रेन को 6 अप्रैल दिन सोमवार को नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार राजगीर स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार द्वारा जारी पत्र में इसकी जानकारी दी गई है। इसके अनुसार 6 अप्रैल को अपराह्न 3:10 बजे राजगीर स्टेशन से राजगीर–पटना–राजगीर एक्सप्रेस ट्रेन को सांसद कौशलेंद्र कुमार हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इस ट्रेन के नियमित परिचालन से पटना आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, व्यवसायियों, पर्यटकों तथा अन्य यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। खासकर शाम के समय पटना जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन काफी लाभकारी साबित होगी।
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि जनता की सेवा करना ही उनका सच्चा कर्म और धर्म है। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लगातार लोकसभा में उठाते रहे हैं और आगे भी उठाते रहेंगे। उन्होंने बताया कि राजगीर से और अधिक ट्रेनों के परिचालन को लेकर भी वे लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने कई बार रेल मंत्री से मिलकर नालंदा जिले की रेल संबंधी समस्याओं से अवगत कराया है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और आने वाले समय में नालंदा जिले को रेल सुविधाओं के क्षेत्र में और भी लाभ मिलने की उम्मीद है।






