अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। आज सोमवार को राजकीय डिग्री महाविद्यालय, राजगीर में पाटलिपुत्रा विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति का आगमन हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से एक आवेदन सौंपकर कॉलेज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को रखा। साथ ही उन्होंने कुलपति को मौखिक रूप से भी कठिनाइयों से अवगत कराया।
छात्रों की प्रमुख मांगें इस प्रकार थीं—
- राजकीय डिग्री महाविद्यालय राजगीर का विधिवत उद्घाटन शीघ्र किया जाए।
- खेल मैदान की भूमि पर मिट्टी भरवाकर उसे खेलने योग्य बनाया जाए।
- पीजी की पढ़ाई की व्यवस्था तत्काल शुरू की जाए, क्योंकि इस वर्ष कई छात्रों का नामांकन नहीं हो पाया है।
- वोकेशनल कोर्स में ब्लिस (BLIS) की सीटें बढ़ाई जाएं और एमलिस (MLIS) की पढ़ाई भी शुरू हो।
- नालंदा सहित लखीसराय, जमुई, नवादा, जहानाबाद और गया जिलों के विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए पाटलिपुत्रा विश्वविद्यालय की एक शाखा नालंदा जिले में खोली जाए।
- छात्रों को प्रोविजनल सर्टिफिकेट और अन्य आवश्यक दस्तावेज कॉलेज स्तर पर ही उपलब्ध कराए जाएं।
- छात्रों के दस्तावेजों में सुधार हेतु ऑनलाइन आवेदन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- महाविद्यालय में अनुभवी शिक्षकों की नियुक्ति की जाए ताकि पढ़ाई सुचारू रूप से हो सके।
- कॉलेज में चार ऐसे शिक्षक हैं जिनके विषयों की पढ़ाई यहां उपलब्ध नहीं है। छात्रों ने संबंधित विषयों की कक्षाएं शुरू करने की मांग की।
- इनडोर खेल सुविधाओं की तत्काल व्यवस्था की जाए।
- नियमित वर्ग संचालन की मॉनिटरिंग हेतु नालंदा जिला स्तर पर एक नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया जाए।
- प्राचार्या, शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के लिए बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू की जाए।
इस अवसर पर कॉलेज की छात्राओं ने नेतृत्व की भूमिका निभाई। इनमें प्लाजा कुमारी, निशु शर्मा, अनु कुमारी, ज्योति कुमारी, खुशी कुमारी, दीपशिखा कुमारी, श्रेया कुमारी, गीतांजलि कुमारी, सुनता कुमारी, सोनम ब्रह्मपुरिया, जानवी कुमारी प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
इसके अलावा सुमंत कुमार, सोनू कुमार, ऋतिक कुमार, मोहित कुमार, अमन कुमार, चेतन कुमार, करनजीत कुमार, आशिक कुमार, अनिमेष कुमार, रजनीश सिंह, विशांत कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।