आनंद विजय के खिलाफ प्रदर्शन, पुतला दहन कर जांच की मांग

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। जिला शिक्षा पदाधिकारी नालंदा आनंद विजय के खिलाफ विभिन्न आरोपों को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पदभार संभालने के बाद से उनके कार्यकाल को लेकर लगातार विवाद सामने आते रहे हैं और उनका व्यवहार शिक्षकों, कर्मियों तथा जनप्रतिनिधियों के प्रति अमर्यादित बताया जाता है। नेताओं ने कहा कि यदि कार्यालय में लगे सीसीटीवी दृश्य तथा आवाज अभिलेखों की जांच कराई जाए तो सच्चाई सामने आ सकती है।
कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि भागलपुर में पदस्थापन के दौरान भी उन पर गंभीर आरोप लगे थे तथा एक प्रकरण दर्ज होने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 में संस्कृत विद्यालय में 28 शिक्षकों की नियुक्ति हुई, जिनमें से 10 शिक्षकों को कथित रूप से फर्जी तरीके से भुगतान किया जा रहा है। उनका कहना है कि समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी बिना अनुमति प्रत्येक शनिवार को भागलपुर जाते हैं और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग की जांच मोबाइल विवरण के आधार पर कराने की मांग की। साथ ही सरकारी सामान निजी आवास ले जाने का आरोप भी लगाया गया। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment