संजय कुमार
पटना(अपना नालंदा)। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने सोमवार को पाटलिपुत्र गोलंबर स्थित कैंप कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री अशोक चौधरी और मानव वैभव विकास ट्रस्ट पर गंभीर आरोप लगाए।
PK ने कहा कि सम्राट चौधरी हत्या और रेप जैसे मामलों में अभियुक्त रहे हैं। 1995 में तारापुर कांड में सात लोगों की हत्या हुई थी, जिसमें सम्राट चौधरी पर आरोप था। उन्होंने कहा कि फर्जी नाबालिग उम्र प्रमाणपत्र के आधार पर जेल से छूटे थे। इसके अलावा शिल्पी-गौतम कांड में भी उनका नाम संदिग्ध अभियुक्त के रूप में सामने आया था। PK ने मांग की कि सरकार उन्हें तत्काल बर्खास्त कर गिरफ्तार करे।
उन्होंने अशोक चौधरी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास 200 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज जारी किए जा चुके हैं। PK ने चेतावनी दी कि यदि अशोक चौधरी मानहानि नोटिस वापस लेकर माफी नहीं मांगते तो 500 करोड़ की संपत्ति और घोटालों का खुलासा करेंगे।
मानव वैभव विकास ट्रस्ट पर हमला बोलते हुए PK ने सवाल उठाया कि शांभवी चौधरी की सगाई के बाद ट्रस्ट ने 100 करोड़ की संपत्ति कैसे खरीदी? उन्होंने जियालाल आर्य, अनिता कुणाल और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की सास से ट्रस्ट की वित्तीय जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
फंडिंग को लेकर उठे सवालों पर PK ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल में सलाहकार के रूप में 241 करोड़ रुपये कमाए, जिस पर जीएसटी और इनकम टैक्स चुकाया गया है। इसमें से 98.75 करोड़ रुपये जन सुराज को दान किए हैं।
प्रेस कांफ्रेंस में जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

PK का बड़ा हमला: सम्राट चौधरी पर हत्या-रेप केस में संलिप्तता का आरोप, अशोक चौधरी व ट्रस्ट पर भी निशाना
Written by Subhash Rajak
Published on: