33 दिन में बदली तस्वीर: महिला संवाद से जागरूक हुईं हजारों ग्रामीण महिलाएं

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ ।नालंदा जिले के 20 प्रखंडों में महिला सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे महिला संवाद कार्यक्रम को 33 दिन पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर मंगलवार को लगभग 8,000 से अधिक ग्रामीण महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी की।

यह महत्वाकांक्षी अभियान बिहार सरकार एवं जीविका के सहयोग से 18 अप्रैल 2025 से शुरू हुआ है। इसका उद्देश्य महिलाओं की आकांक्षाओं को जानना, उन्हें कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और नीति-निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के दौरान सुबह और शाम की दो पालियों में कुल 40 ग्राम संगठनों में महिला संवाद का आयोजन किया गया। इसमें जीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की दीदियों के साथ-साथ ऐसी महिलाएं भी शामिल हुईं, जो समूहों से अब तक नहीं जुड़ी हैं। महिलाओं को चलित वीडियो वाहन के माध्यम से सरकार की योजनाओं, महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदमों और विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी चलचित्र के रूप में दी गई।

महिला संवाद के जरिए महिलाओं से स्थानीय विकास, जरूरतें और सुझाव भी लिए जा रहे हैं, जिन्हें एक मोबाइल ऐप के माध्यम से संकलित किया जा रहा है। इससे भविष्य की योजनाओं के क्रियान्वयन और सुधार में सहयोग मिलेगा।

महिलाओं ने अपनी आकांक्षाएं साझा करते हुए गांव में सड़क, नाली, सामुदायिक शौचालय, विधवा पेंशन में बढ़ोतरी, राशन दुकान की उपलब्धता और दिव्यांग भत्ता जैसी सुविधाओं की मांग की।

इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक संजय प्रसाद पासवान, प्रबंधक संचार संतोष कुमार, प्रबंधक सामाजिक विकास पंकज कुमार, सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक एवं जीविका कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही।

Leave a Comment