“कांग्रेस ही दे सकती है सम्मान और सहारा, माई बहन योजना से बदलेंगे हालात: दिलीप कुमार”

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। राजगीर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गिरियक प्रखंड के घोषरामा गांव में रविवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की अध्यक्षता गिरियक प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश रौशन ने की। शिविर का उद्देश्य कांग्रेस पार्टी द्वारा घोषित ‘माई बहन योजना’ की जानकारी आम लोगों, विशेषकर महिलाओं तक पहुंचाना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक रवि ज्योति कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ही देश को समावेशी सोच के साथ सुशासित कर सकती है, क्योंकि इसकी नीतियों में सभी वर्ग—सवर्ण, दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक—को समान महत्व दिया गया है।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई ‘माई बहन योजना’ का उद्देश्य 18 वर्ष से ऊपर की महिलाओं और युवतियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने वादा किया कि यदि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनती है तो हर पात्र महिला को ₹2500 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य दिलीप कुमार ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका को याद दिलाते हुए कहा कि यह वही पार्टी है जिसने देश को अंग्रेजों से आज़ादी दिलाई थी, और अब एक बार फिर जनता के सहयोग से बिहार में सत्ता में लौटेगी।

उन्होंने जनता से आग्रह किया कि जाति और धर्म से ऊपर उठकर सही जनप्रतिनिधि को चुनें। उन्होंने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज की सरकार जनता की नहीं, सिर्फ अधिकारियों और नेताओं के लिए काम कर रही है। भ्रष्टाचार चरम पर है, और इससे जनता त्रस्त है।

दिलीप कुमार ने महिलाओं से आग्रह किया कि वे माई बहन योजना से जुड़ने के लिए फॉर्म भरने और मिस कॉल प्रक्रिया को जरूर पूरा करें, ताकि सरकार बनने के बाद उन्हें इसका सीधा लाभ मिल सके।

शिविर के दौरान प्रखंड अध्यक्ष राजेश रौशन ने महिलाओं को योजना की विस्तृत जानकारी दी और फॉर्म भरवाकर मिस कॉल प्रक्रिया भी पूरी करवाई। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से कहा कि कोई भी जरूरत या जानकारी हो तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी साझा किया।

कार्यक्रम में प्रखंड उपाध्यक्ष कन्हैया कुमार, कार्यकर्ता संतोष ठाकुर, वीर बहादुर मांझी, धनंजय कुमार, अरविंद सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment