आर संतोष भारती
कतरीसराय (अपना नालंदा)। गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के सभी प्राथमिक, मध्य और प्लस टू उच्च विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम अनुमंडल पदाधिकारी, राजगीर के आदेशानुसार और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) अब्दुल मन्नान के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य तेजी से फैल रहे प्रदूषण पर नियंत्रण और भूजल संरक्षण के साथ वृक्षारोपण को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित सामुदायिक अभियान के माध्यम से पर्यावरणीय संवेदनशीलता को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।
छात्रों ने जागरूकता फैलाने के लिए निकाली साइकिल रैली और की नेचर वॉक
छात्र-छात्राओं द्वारा साइकिल रैली, वृक्षारोपण, नेचर वॉक, स्वच्छता अभियान, सार्वजनिक परिवहन के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा प्लास्टिक के थैलों का उपयोग बंद करने जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। साथ ही, घरों में देशी और विदेशी पौधों की बागवानी के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
बच्चों ने दिया समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बच्चों ने कहा कि पर्यावरण बचाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने और “वृक्ष है तो जीवन है” का संदेश आमजन तक पहुँचाया।

बीईओ अब्दुल मन्नान का बयान
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अब्दुल मन्नान ने कहा, “पेड़ हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जैसे परिवार। पेड़ों की कटाई से जलवायु परिवर्तन और तापमान में वृद्धि हो रही है, जो हमारे लिए खतरनाक है। ऐसे में वृक्ष संरक्षण अब हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी बन चुकी है।”
उपस्थित प्रमुख लोग
इस अवसर पर संजय कुमार वर्मा, लेखापाल राजन कुमार, एमडीएम प्रभारी संतोष कुमार, अजय प्रसाद, सतीश प्रसाद, धीरज कुमार, भूषण प्रसाद, विजय चौधरी सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।