विश्व पुस्तक दिवस पर लेखक डॉ. ध्रुव ने राजभवन में राज्यपाल को भेंट की अपनी पुस्तक ‘बौद्ध धर्म और पर्यावरण

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। विश्व पुस्तक दिवस के अवसर पर नालंदा कॉलेज, बिहारशरीफ के बीएड विभागाध्यक्ष व लेखक डॉ. ध्रुव कुमार ने शनिवार को राजभवन में राज्यपाल-सह-कुलाधिपति श्री आरिफ मोहम्मद खान से भेंट कर अपनी पुस्तक “बौद्ध धर्म और पर्यावरण” उन्हें भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने पुस्तक एवं पर्यावरण की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

राज्यपाल ने कहा कि मानव जीवन को सुखी और संतुलित बनाने में अच्छी पुस्तकों और स्वच्छ पर्यावरण की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि बिहार प्राचीन काल से ही ज्ञान, साहित्य और संस्कृति की भूमि रही है। हमारे ऋषि-मुनियों ने नदियों, पर्वतों, वृक्षों, वायु आदि सभी प्राकृतिक संसाधनों के महत्व को समझा और इन्हें प्रदूषण से मुक्त रखने की सीख दी।

राज्यपाल ने भारतीय संस्कृति में धरती, प्रकृति और जैव विविधता के संरक्षण की परंपरा को रेखांकित करते हुए कहा कि गौतम बुद्ध, महावीर, गुरु नानक, रवीन्द्रनाथ टैगोर, स्वामी विवेकानंद और महात्मा गांधी जैसे महापुरुषों के विचारों में प्रकृति प्रेम और जीवन के प्रति आदरभाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित होते हैं। गौतम बुद्ध ने अपने प्रवचनों में पर्यावरण संरक्षण को विशेष स्थान दिया था।

राज्यपाल ने यह भी कहा कि बिहार में पुस्तकों को लिखने और पढ़ने वालों की संख्या सराहनीय है। यहां प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और अब दुनिया की धारणा भी बिहार के प्रति सकारात्मक हो रही है। उन्होंने नई पीढ़ी को लेखन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Comment