हीरो एशिया कप 2025 की तैयारियों का अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

Written by Subhash Rajak

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)। आज मंगलवार को हीरो एशिया कप 2025 के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों ने राजगीर स्थित खेल परिसर का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह- मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रण शंकरण, नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी मौजूद रहे।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने स्पोर्ट्स क्लब राजगीर एवं खेल परिसर का जायजा लिया और आयोजन से संबंधित सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने नियंत्रण कक्ष, साफ-सफाई, आवासन, खानपान व्यवस्था, परिवहन, यातायात प्रबंधन, विधि-व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, लाइटिंग और दर्शकों की बैठने की व्यवस्था सहित यातायात रूट प्लानिंग को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विदित हो कि हीरो एशिया कप 2025 का आयोजन 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक राजगीर के अत्याधुनिक अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। यह पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का 12वां संस्करण होगा, जो पहली बार बिहार में आयोजित हो रहा है।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एशिया की शीर्ष आठ टीमें—भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, कजाकिस्तान और बांग्लादेश—भाग लेंगी। यह आयोजन न केवल बिहार की अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजन क्षमता को प्रदर्शित करेगा बल्कि राज्य की पर्यटन, कला और संस्कृति की वैश्विक छवि को भी सुदृढ़ करेगा।

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त सहित बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Comment