अब राजगीर से अहमदाबाद तक चलेगी अजीमाबाद एक्सप्रेस: सांसद कौशलेंद्र

Written by Subhash Rajak

Updated on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।राजगीर से अब प्रतिदिन अहमदाबाद तक के लिए अजीमाबाद एक्सप्रेस ट्रेन उपलब्ध रहेगी। रेलवे बोर्ड द्वारा इसके लिए आदेश जारी कर दिया गया है।
यह जानकारी नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि इस निर्णय से बिहारशरीफ, नालंदा, राजगीर सहित आसपास के स्टेशनों से आरक्षित टिकट की सुविधा मिलेगी, जिससे जिले के व्यापारियों और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

सांसद ने कहा कि नालंदा जिले से हजारों व्यापारी कपड़ा, टाइल्स, मार्बल, हीरा और सोने के व्यापार के लिए गुजरात के अहमदाबाद, सूरत आदि शहरों में नियमित रूप से आते-जाते हैं। लंबे समय से यहां के व्यापारियों की मांग थी कि राजगीर से सीधे गुजरात के लिए ट्रेन चलाई जाए। इस विषय को लेकर सांसद ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर आग्रह किया, जिसके फलस्वरूप रेलवे बोर्ड ने अजीमाबाद एक्सप्रेस को राजगीर से चलाने की स्वीकृति दी।

सांसद ने बताया कि राजगीर और नालंदा पर्यटन के लिहाज से भी अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। बौद्ध और जैन धर्मावलंबियों की बड़ी संख्या हर वर्ष यहां आती है, जिससे पर्यटन उद्योग को बल मिलता है और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलता है।

इस फैसले से स्थानीय व्यापारी संगठनों ने खुशी जताई है। सोहसराय थोक कपड़ा व्यवसाय संघ के अध्यक्ष एवं जदयू नेता प्रदुमन कुमार की अध्यक्षता में व्यापारियों ने सांसद को धन्यवाद दिया। साथ ही टाइल्स और मार्बल व्यवसायियों सहित अन्य व्यापार समुदाय ने भी सांसद कौशलेंद्र कुमार को शुभकामनाएं दीं और उनके प्रयासों की सराहना की।

Leave a Comment