संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)।शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में प्रतिमाह मिलने वाली पेंशन राशि को ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 करने की ऐतिहासिक घोषणा का सीधा प्रसारण बिहारशरीफ के टाउन हॉल समेत जिलेभर में किया गया। इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री सह नालंदा के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्यमंत्री द्वारा पेंशन वृद्धि के इस फैसले का लाभ राज्यभर के 1 करोड़ 11 लाख 69 हजार पेंशनधारियों को मिलेगा, जिसमें से नालंदा जिले के 3 लाख 81 हजार 898 लाभुकों के बीच ₹42 करोड़ 8 लाख 80 हजार 200 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। यह राशि जून 2025 से प्रभावी होगी।
कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंड, ग्राम पंचायत, नगर निकाय और वार्ड स्तर पर व्यापक स्तर पर आयोजन किया गया। लाखों की संख्या में पेंशनधारियों ने मोबाइल, टीवी और लैपटॉप के माध्यम से मुख्यमंत्री का संदेश और राशि हस्तांतरण कार्यक्रम देखा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का संदेश पढ़ा और कहा कि, “बिहार सरकार ‘न्याय के साथ विकास’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। समाज के कमजोर वर्गों को आत्मसम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार देना हमारी प्रतिबद्धता है। पेंशन राशि में यह वृद्धि उसी संकल्प का हिस्सा है।”
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि वृद्ध, विधवा और दिव्यांगजनों को अब ₹1100 प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे पेंशनधारियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।
सीधे प्रसारण के दौरान बिहारशरीफ प्रखंड की तेतरावां पंचायत की जीविका दीदी पुष्पा देवी ने मुख्यमंत्री से जुड़ते हुए पेंशन वृद्धि के लिए धन्यवाद दिया और सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों—जैसे सड़क, बिजली, पानी और सुरक्षा की प्रशंसा की।
जिलेवार पेंशन भुगतान विवरण इस प्रकार है:
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना:
लाभुक – 1,14,829 | राशि – ₹12.63 करोड़ - मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना:
लाभुक – 1,81,208 | राशि – ₹20.00 करोड़ - बिहार निःशक्तता पेंशन योजना:
लाभुक – 28,575 | राशि – ₹3.14 करोड़ - लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा योजना:
लाभुक – 36,345 | राशि – ₹4.00 करोड़ - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना:
लाभुक – 15,311 | राशि – ₹1.68 करोड़ - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना:
लाभुक – 5,630 | राशि – ₹61.93 लाख
कुल भुगतान – ₹42,08,80,200
कार्यक्रम में सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार (अस्थावां), कृष्ण मुरारी शरण (हिलसा), एमएलसी रीना यादव, महापौर अनीता देवी, जिलाधिकारी, एसपी, नगर आयुक्त, समाज कल्याण विभाग, जीविका परियोजना और आईसीडीएस से जुड़े अधिकारीगण उपस्थित रहे।
हर उम्र और अवस्था का मान, नए बिहार की नई पहचान।