नीतीश कुमार ने पार्टी कोष में एक माह का वेतन देकर दिया संदेश

Written by Sanjay Kumar

Published on:

सुजीत कुमार
पटना (अपना नालंदा)। मुख्यमंत्री सह जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने पार्टी संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए जदयू के कोष में अपना एक माह का वेतन प्रदान किया। उन्होंने विधानपरिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता सह पार्टी के कोषाध्यक्ष श्री ललन कुमार सर्राफ को 1, अणे मार्ग, पटना स्थित अपने आवास पर एक माह के वेतन का चेक सौंपा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी के मंत्रियों, सांसदों, विधानमंडल दल के सदस्यों, संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों तथा पार्टी की विचारधारा में आस्था रखने वाले समृद्ध एवं समर्थ लोगों से पार्टी को मजबूत करने के लिए यथासंभव सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जो न्याय के साथ विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी न केवल जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का संचालन करती है, बल्कि जरूरतमंद कार्यकर्ताओं की सहायता भी तत्परता से करती है। इसके लिए पार्टी कोष का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जदयू को अभी लंबा सफर तय करना है और जनसेवा को नए आयाम देने हैं, इसलिए संसाधनों की निरंतर उपलब्धता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कोषाध्यक्ष श्री ललन कुमार सर्राफ ने कहा कि नीतीश कुमार का संपूर्ण जीवन जनसेवा और लोककल्याण की प्रेरणादायक मिसाल है। वे मुख्यमंत्री के रूप में जहां बिहार की जनता की चिंता करते हैं, वहीं पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं का भी अभिभावक की तरह ध्यान रखते हैं। उनके इस कदम से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है।

Leave a Comment