विजय प्रकाश उर्फ पिंनु
नूरसराय (अपना नालंदा)। बिहार के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं हरनौत के नौ बार विधायक रहे हरिनारायण सिंह ने विश्वास जताया है कि 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार ही पुनः बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में विकास की गंगा बहा दी है, जिसे कोई अन्य नेता नहीं कर सका। वे भगीरथ की तरह गंगा का जल नालंदा, नवादा, गया और राजगीर तक लाए हैं, जो किसी ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था।
चंडी प्रखंड के आरौत पंचायत स्थित विरनामा गांव में जदयू के पंचायत एवं बूथ स्तरीय कार्यकारिणी की बैठक में श्री सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में किसानों के लिए सशक्त बिजली व्यवस्था की है, जिससे सिंचाई सरल हुई है और उत्पादन में वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि राज्य में दो लाख से अधिक युवाओं की शिक्षक के रूप में बहाली हुई है, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में आरक्षण मिलने से आज कई महिलाएं मुखिया और प्रमुख के पद पर हैं। स्वास्थ्य विभाग में भी बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिला है।
हरिनारायण सिंह ने कहा कि बिहार में पहले सड़कों की स्थिति दयनीय थी, लेकिन अब हर गांव तक पक्की सड़क पहुंच चुकी है। यह सब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शिता और कठिन परिश्रम का परिणाम है।
उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन 225 से अधिक सीटों पर विजय हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं चुनाव नहीं लड़ना चाहते, बल्कि कार्यकर्ता ही चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पिछले चुनाव में उन्हें 28 हजार मतों से जीत मिली थी और इस बार यह अंतर 38 हजार तक पहुंचेगा।
कार्यक्रम के दौरान आरौत पंचायत के पैक्स अध्यक्ष पंकज कुमार ने सभी नेताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर हरनौत विधानसभा प्रभारी गणेश कानू, जदयू जिला महासचिव अनिल कुमार, जिला कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार, विनोद कुमार, राजेश कुमार, प्रमोद कुमार, सतीश कुमार, डब्लू सिंह सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




