जेपी चौधरी
पटना (अपना नालंदा)। राज्यसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रत्याशियों ने गुरुवार को पटना में अपना नामांकन दाखिल किया। जदयू की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने नामांकन किया, जबकि भारतीय जनता पार्टी की ओर से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके अलावा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने भी एनडीए प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन प्रस्तुत किया।

नामांकन के अवसर पर राजनीतिक माहौल काफी सक्रिय और उत्साहपूर्ण रहा। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विशेष रूप से उपस्थित रहे और सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं। उनके साथ केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में बिहार सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी उपस्थित रहे। इसके अलावा जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी तथा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी नामांकन के दौरान मौजूद थे।
इस मौके पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती सहित बिहार सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, विधान पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। नेताओं ने कहा कि एनडीए पूरी मजबूती के साथ राज्यसभा चुनाव में उतर रहा है और गठबंधन की एकजुटता इसकी सबसे बड़ी ताकत है।







