संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। रोटरी क्लब तथागत, बिहारशरीफ में सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का चयन सर्वसम्मति से किया गया। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों के बीच उत्साह का माहौल देखा गया और नव-चयनित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं।
नई कार्यकारिणी में रोटेरियन महेश कुमार लोहानी को अध्यक्ष, रोटेरियन डॉ. नीरज कुमार को सचिव तथा पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन अशोक कुमार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद क्लब के वरिष्ठ सदस्यों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को सम्मानित कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन जोसेफ टिटी ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष महेश कुमार लोहानी को गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएँ दीं। वहीं पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन दीपक कुमार ने सचिव डॉ. नीरज कुमार को गुलदस्ता देकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम के दौरान वर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन परमेश्वर महतो ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष महेश कुमार लोहानी को साफा पहनाकर सम्मानित किया। वहीं जॉइंट सेक्रेटरी रोटेरियन संजना जोसेफ ने सचिव डॉ. नीरज कुमार को साफा पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान क्लब के सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ नई टीम का स्वागत किया।
क्लब के सदस्यों ने कहा कि रोटरी क्लब तथागत की यह परंपरा सम्मान, सहयोग और नेतृत्व का प्रतीक है। सभी सदस्यों ने एकजुट होकर नव-निर्वाचित टीम का समर्थन करने तथा सेवा और सामाजिक कार्यों को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

नव-निर्वाचित अध्यक्ष महेश कुमार लोहानी, सचिव डॉ. नीरज कुमार और कोषाध्यक्ष अशोक कुमार ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी के सहयोग से क्लब को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने और समाज सेवा के कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।





