अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। राष्ट्रीय जनता दल के जिला प्रवक्ता दीपक कुमार सिंह ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बिहार की वर्तमान स्थिति और एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद बिहार पिछले 20 वर्षों से बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पलायन जैसी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहा है।
दीपक कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार के पास बिहार के विकास का कोई ठोस ब्लूप्रिंट नहीं है। वहीं, महागठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने अल्प कार्यकाल में विकास की एक लंबी रेखा खींच दी है। उन्होंने ‘सिंचाई, कमाई, दवाई, सुनवाई और करवाई’ की नीति को धरातल पर उतारकर देशभर में मिसाल कायम की है, जिसे आज अन्य दल भी अपनाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव ने गांधी मैदान से पांच लाख युवाओं को नौकरी दी और 3.5 लाख नौकरियों की प्रक्रिया चालू करवाई। आज़ादी के बाद पहली बार बिहार में जातीय जनगणना करवा कर 65% आरक्षण का दायरा बढ़ाकर ऐतिहासिक कार्य किया गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में रात में अस्पतालों का निरीक्षण और गंभीर बीमारियों की दवा न्यूनतम दर पर उपलब्ध कराना भी उनकी उपलब्धियों में शामिल है।
दीपक कुमार सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव के कार्यों ने बिहार और देश की जनता के दिलों में विशेष स्थान बना लिया है। उनकी बढ़ती लोकप्रियता से प्रधानमंत्री समेत पूरा एनडीए घबराहट में है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज तक एनडीए के पास बिहार में मुख्यमंत्री पद का कोई चेहरा नहीं है और राज्य कुछ दलालों के इशारे पर चल रहा है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे अब अचेत अवस्था में हैं और उनके कई फैसलों से बिहार शर्मसार हुआ है। अंत में उन्होंने कहा कि बिहार की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव को ही अपना अगला मुख्यमंत्री मान चुकी है।




