अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। राजगीर स्थित श्री जैन श्वेतांबर धर्मशाला (नौलखा मंदिर) में रविवार की रात करीब 2:30 बजे हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया। लुटेरों ने मंदिर के गार्ड और भंडारी को बंधक बनाकर दान पेटी से नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने गार्ड पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजगीर ने मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घायल गार्ड सुजलराम (उम्र 60 वर्ष, पिता-स्व. बडू राम, निवासी बड़ी मिल्की, थाना राजगीर) को अनुमंडल अस्पताल राजगीर में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रूबन अस्पताल, पटना रेफर किया गया। गार्ड की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फर्द बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी और मानवीय पहलुओं पर त्वरित अनुसंधान प्रारंभ किया। नालंदा पुलिस ने घटना के महज 6 घंटे के अंदर लूटकांड का सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और दान पेटी से लूटी गई रकम (गिनती जारी है) को बरामद कर लिया है।
अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन की तत्परता की सराहना की जा रही है।




