इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मेसी धमौली में राष्ट्रीय फार्मेसी शिक्षा दिवस मनाया

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। रहुई प्रखंड के धमौली स्थित इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मेसी दोसुत में भारत में फार्मेसी शिक्षा के जनक प्रो. एम. एल. श्रॉफ के जन्मदिवस को राष्ट्रीय फार्मेसी शिक्षा दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर केक काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई तथा विद्यार्थियों द्वारा रंगोली और चित्रकला के माध्यम से आयोजन को आकर्षक बनाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष महेश प्रसाद सिंह ने की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर संस्थान के सचिव पुरुषोत्तम कुमार ने प्रो. एम. एल. श्रॉफ के जीवन और उनके महत्वपूर्ण योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारत में फार्मेसी शिक्षा के विकास में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।
संस्थान के निदेशक प्रो. सच्चिदानंद प्रसाद वर्मा ने भी प्रो. श्रॉफ के कार्यों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को फार्मेसी और औषधि विज्ञान के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फार्मेसी क्षेत्र स्वास्थ्य सेवा से जुड़ा महत्वपूर्ण क्षेत्र है और इसमें युवाओं के लिए बेहतर संभावनाएं मौजूद हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी प्राचार्य माधव मोहन ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई चित्रकला और रंगोली की सराहना की। इस अवसर पर मानव संसाधन अधिकारी विक्की कुमार, सहायक प्राध्यापक ऋषि कुमार, गोपाल कुमार, गौतम कुमार, डॉ. अक्षय कुमार, सुनीता कुमारी, रितेश कुमार, अभिषेक कुमार सहित कई शिक्षक और छात्र उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय फार्मेसी शिक्षा दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन से विद्यार्थियों में फार्मेसी शिक्षा के प्रति उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।

Leave a Comment