अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिला कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 61वीं पुण्यतिथि श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश प्रसाद अकेला ने की।
जिला अध्यक्ष श्री अकेला ने पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जब भारत स्वतंत्र हुआ था, तब देश में एक सुई बनाने का भी कारखाना नहीं था। लेकिन पंडित नेहरू ने देश की बागडोर संभालते ही औद्योगिक क्रांति की नींव रखी। उन्होंने हटिया (HEC) जैसे विशाल औद्योगिक कारखानों की स्थापना कर देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया। उन्हें आधुनिक भारत का निर्माता यूं ही नहीं कहा जाता। उनके विचार, दूरदृष्टि और सादगी आज भी देशवासियों को प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पंडित नेहरू ने पंचशील सिद्धांतों के माध्यम से भारत की विदेश नीति को मजबूत किया और हरित क्रांति के माध्यम से कृषि के क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाया। आज भारत विश्व पटल पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभर रहा है, तो उसका श्रेय पंडित नेहरू जैसे दूरदर्शी नेताओं को जाता है, जिन्होंने बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाया।
इस मौके पर युवा कांग्रेस अध्यक्ष विवेकानंद पासवान ने भी पंडित नेहरू के योगदानों का स्मरण करते हुए उन्हें युवाओं का सच्चा मार्गदर्शक बताया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं में रणधीर कुमार मंटू,राजीव कुमार मुन्ना, हाफिज महताब आलम चिश्ती, रमेश कुमार, सरफराज मलिक, नंदू पासवान, संजय कुमार पासवान, दिलीप कुमार, हरि सिंह सिंगर, इम्तियाज एडवोकेट, कृष्ण दास, अखिलेश्वर प्रसाद कुशवाहा, हुमायूं अंसारी, रंजीत कुमार, नजमुल हुदा, रूमाना अख्तर, सन्नी गुप्ता, इंजीनियर टीपू, सैयद इफ्तेखार एडवोकेट, इमरान खान, जावेद वेस्टीज, ताराचंद मेहता, मुकेश कुमार सिन्हा, सुमन कुमारी, विनोद प्रसाद आज़ाद, दीपक कुमार, किशोर कुमार, किरानी पासवान तथा जिला कोऑर्डिनेटर सागर पाटिल शामिल थे।
कांग्रेस को मजबूती देने का लिया गया संकल्प
सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पंडित नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस को नालंदा ज़िले में मज़बूत बनाने और आगामी चुनाव में पार्टी का परचम लहराने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत झंडों का वितरण किया गया और पंडित नेहरू की स्मृति में एक नया कृतिमान स्थापित करने का शपथ भी दिलाया गया।