नकटपुरा वाटर पार्क गोलीकांड: 33 नामजद के खिलाफ मामला दर्ज, 18 गिरफ्तार, हथियार व वाहन बरामद

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)।बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत नकटपुरा वाटर पार्क में 1 मार्च, रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान तथा कार्यक्रम के उपरांत हुई मारपीट और गोलीबारी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 33 नामजद एवं अन्य अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध बिहार थाना कांड संख्या 116/26 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया है। घटना के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रातभर छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें कुल 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग में बदल गया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना मिलते ही बिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। तत्पश्चात प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित छापेमारी की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, पंजाब सहित बिहार के विभिन्न जिलों के व्यक्ति शामिल हैं। इनमें सफीक अहमद खां, मो. आरिफ, मो. रफीक, शमीम, चांद, प्रदीप सिंह, रोहित कुमार, मो. ईमाम हुसैन, शिवराज कुमार, छोटू कुमार, प्रेमजीत कुमार, गोलू कुमार, शाहिल कुमार, अमन कुमार, रौशन कुमार उर्फ रौशन रोही, पंकज कुमार, सूरज कुमार तथा पलवेंद्र सिंह शामिल हैं।
घटना में प्रयुक्त हथियारों एवं अन्य सामग्रियों को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। बरामदगी में एक रायफल (आर्सनल नंबर 194200230), एक फोल्डिंग रायफल (यूएस रायफल सीएएल 30एम स्प्रिंग फील्ड आर्मरी अंकित), दो-दो नाली बंदूकें, विभिन्न बोर के जिंदा कारतूस एवं फायर किए गए खोखे शामिल हैं। इसके अतिरिक्त तीन चारपहिया वाहन—एक काला स्कॉर्पियो (बीआर 01 जेडब्ल्यू 2456), एक उजला स्कॉर्पियो (बीआर 21पी 5284) तथा एक उजला फॉर्च्यूनर (बीआर 01 एचएफ 6034)—भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि नामजद अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही घटना स्थल से प्राप्त वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर अनुसंधान आगे बढ़ाया जा रहा है।
छापेमारी दल का नेतृत्व बिहार थानाध्यक्ष द्वारा किया गया, जिसमें थाना की विशेष टीम शामिल रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और घटना में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। पुलिस आम लोगों से अपील कर रही है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।

Leave a Comment