अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। नगर निगम क्षेत्र में जल जमाव की समस्या को देखते हुए आज शनिवार को नगर आयुक्त दीपक मिश्रा ने खंदक पर स्थित गुरु कृपा उत्सव हॉल एवं नील कंतेश्वर मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में उनके साथ पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता भी मौजूद थे।
भ्रमण के दौरान नगर आयुक्त ने इन क्षेत्रों में नाले के पानी की समुचित निकासी सुनिश्चित करने को लेकर गंभीरता दिखाई। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल को निर्देशित किया कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था हेतु गुरु कृपा उत्सव हॉल और नील कंतेश्वर मंदिर के समीप कलवर्ट (छोटा पुलिया) का निर्माण कराया जाए।
नगर आयुक्त ने कहा कि जल निकासी की समस्या से स्थानीय लोगों को हर वर्ष भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिसे अब प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभाग को शीघ्र आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य आरंभ करने का निर्देश भी दिया।
नगर निगम प्रशासन द्वारा की जा रही यह पहल शहर में मानसून से पहले जल जमाव की समस्या से निजात दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।