चितरंजन कुमार
चंडी(अपना नालंदा)।रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से चंडी प्रखंड के सुदामा मैरिज हॉल में हरनौत विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ सामाजिक न्याय परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चंडी प्रखंड अध्यक्ष अजय चंद्रवंशी ने की।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राजद सांसद सुधाकर सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि “नीतीश कुमार नेता नहीं, बल्कि आरएसएस और भाजपा का मुखौटा हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें सामाजिक न्याय के पुरोधा और राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के विरुद्ध एक मुखौटे के रूप में इस्तेमाल किया।

उन्होंने कहा कि “नीतीश कुमार ने सत्ता के लिए सामाजिक न्याय की पीठ में बार-बार छुरा घोंपा है और हमेशा दूसरों के कंधे पर चढ़कर राजनीति की है। बेलछी नरसंहार के अभियुक्त को टिकट देना इसका स्पष्ट प्रमाण है।” सांसद ने जदयू को केवल पटना और नालंदा तक सीमित पार्टी बताया और कहा कि नीतीश कुमार 20 वर्षों से मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए भी टाल क्षेत्र का विकास नहीं कर सके और न ही नालंदा से हो रहे पलायन को रोक पाए।
श्री सिंह ने यह भी कहा कि किसानों से जबरन जमीन छीनकर विकास के नाम पर अन्याय किया गया। नालंदा को शिक्षा का केंद्र कहा जाता है, लेकिन मुख्यमंत्री आरएसएस और भाजपा की ओर से थोपी गई नई शिक्षा नीति को लागू कर राज्य की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करना चाहते हैं।
शराबबंदी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि इसके आड़ में माफियाओं ने सरकार के समानांतर अर्थव्यवस्था खड़ी कर दी है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी चुनाव में नालंदा सत्ता परिवर्तन की अगुवाई करेगा।
राजद प्रवक्ता सुबोध मेहता और प्रियंका भारती ने अपने संबोधन में कहा कि उपमुख्यमंत्री रहते हुए तेजस्वी यादव ने मात्र 17 महीनों में चुनावी वादों को निभाया और आर्थिक न्याय की दिशा में ठोस कदम उठाए। उन्होंने कहा कि अगली सरकार बनने पर:
- प्रत्येक परिवार को 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी,
- माई बहन सम्मान योजना के तहत महिलाओं को ₹2500 प्रतिमाह मिलेगा,
- दिव्यांग एवं विधवा पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹1500 प्रतिमाह किया जाएगा,
- उद्योग-धंधे लगाकर राज्य में पलायन पर रोक लगाई जाएगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सतीश कुमार और डॉ. रविकांत ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव के लिए बूथ स्तर पर सक्रिय होने और “हर बूथ जीतने” का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक कुमार हिमांशु, प्रधान महासचिव सुनील यादव, दीपक कुमार, जीतू यादव, निधि शर्मा, रजनीश सिंह, पवन यादव, विनोद कुमार, सुबोध चंद्रवंशी, जगत नारायण यादव, योगेंद्र यादव, अर्जुन यादव सहित सभी बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।




