सरस्वती विद्या मंदिर हसनपुर राजगीर में मातृ-पितृ पूजनोत्सव संपन्न

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। शनिवार को राजगीर स्थित पूज्य तपस्वी श्री जगजीवन जी महाराज, सरस्वती विद्या मंदिर, हसनपुर में मातृ-पितृ पूजनोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नव नालंदा हाईस्कूल की जीव विज्ञान शिक्षिका निष्ठा नंदिनी, आदर्श मध्य विद्यालय की शिक्षिका दीप्ति कौशिक तथा विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य रामजी प्रसाद सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता के चरण प्रक्षालन कर तिलक, पुष्पार्चन और आरती कर सम्मान प्रकट किया। अरुण, प्रभात एवं प्रथम वर्ग के छात्र-छात्राओं ने भारतीय संस्कृति पर आधारित गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। मुख्य अतिथि निष्ठा नंदिनी ने कहा कि बच्चों को औपचारिक शिक्षा के साथ नैतिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक मूल्यों से युक्त संस्कारपूर्ण शिक्षा मिलना अत्यंत आवश्यक है। दीप्ति कौशिक ने भी संस्कारमय जीवन और पारिवारिक मूल्यों के महत्व पर बल देते हुए आयोजन की सराहना की।
उप-प्रधानाचार्य रामजी प्रसाद सिन्हा ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के कारण घरों में पारंपरिक संस्कारों का वातावरण कम होता जा रहा है, जिससे बच्चों का भावनात्मक विकास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में माता-पिता के प्रति श्रद्धा और सम्मान की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

Leave a Comment