बेलछी में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में 300 से अधिक महिलाओं ने लिया भाग, जागरूकता वाहन बना आकर्षण का केंद्र

Written by Sanjay Kumar

Published on:

चितरंजन कुमार
चंडी (अपना नालन्दा)।महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को चंडी प्रखंड के बेलछी पंचायत अंतर्गत बेलछी गांव में सावित्री ग्राम संगठन द्वारा महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 300 से अधिक महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण से संबंधित राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इसके लिए एलईडी स्क्रीन युक्त जागरूकता वाहन के माध्यम से महिला सशक्तिकरण पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया, जो महिलाओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।

साथ ही, महिलाओं के बीच राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से संबंधित सूचनापरक लीफलेट भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी सहज रूप से प्राप्त हो सके। कार्यक्रम में महिलाओं को अपनी समस्याएं, अपेक्षाएं और आकांक्षाएं साझा करने का भी अवसर मिला।

कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी राजदेव कुमार रजक, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मोनालिसा कुमारी, प्रशिक्षण पदाधिकारी संतोष कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक जितेंद्र कुमार चौरसिया, क्षेत्रीय समन्वयक बलभद्र नारायण गौतम, एलएचएस नीरज कुमार, सीसी और एमआरपी सहित जीविका के अन्य स्टाफ उपस्थित थे।

इस संवाद का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और आर्थिक उन्नयन के अवसरों की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना था। आयोजन की सराहना करते हुए स्थानीय लोगों ने ऐसे कार्यक्रमों को लगातार आयोजित किए जाने की मांग की।

Leave a Comment