मनरेगा योजना बनी किसानों के लिए संजीवनी :-मंत्री श्रवण कुमार

Written by Sanjay Kumar

Published on:

विजय प्रकाश उर्फ पिंनु
नूरसराय (अपना नालंदा)। बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मनरेगा योजना गांवों के विकास और किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के तहत पीसीसी ढलाई, ईंट सोलिंग और मिट्टी भराई जैसे कार्य कराए जा रहे हैं, जो किसानों के कृषि कार्यों में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। मंत्री श्रवण कुमार रविवार को नूरसराय प्रखंड के अजयपुर और अजनौरा गांव में मनरेगा योजना के तहत लगभग 53 लाख रुपये की लागत से बनने वाली परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री ने कहा कि सरकार हर खेत तक सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बिजली पहुंचा रही है। अब किसानों को पहले की तुलना में अच्छी बिजली आपूर्ति मिल रही है, जिससे सिंचाई लागत में भारी कमी आई है। पहले डीजल से खेतों की सिंचाई करनी पड़ती थी, जिससे खर्च अधिक होता था, लेकिन अब बिजली से सिंचाई सस्ती हो गई है। इसके परिणामस्वरूप किसानों का उत्पादन बढ़ा है। साथ ही, खेतों तक कृषि उपकरण, ट्रैक्टर और हार्वेस्टर जैसी सुविधाएं आसानी से पहुंच रही हैं, जिससे मजदूरों की कमी के बावजूद खेती में सुधार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किसानों और युवाओं से किए गए वादे अब पूरे होते दिख रहे हैं। लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जो सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस अवसर पर जदयू के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में न्याय के साथ विकास हो रहा है। बिहार के विकास मॉडल का अनुसरण अन्य राज्य भी कर रहे हैं।

कार्यक्रम में जदयू प्रखंड अध्यक्ष सोनी लाल, बिन्नू महतो, नवल प्रसाद, अर्जुनी महतो, अमित कुमार यादव, गजोधर यादव, शुभम कुमार, विकास कुमार, प्रखंड प्रमुख रेखा देवी, जदयू के मुख्य प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार देव, रामाश्रय पासवान, जोधन पासवान सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment